रामनगर में प्राधिकरण हटाने की मांग तेज
Spread the love

रामनगर में प्राधिकरण हटाने की मांग तेज, ब्लॉक प्रमुख के नेतृत्व में ग्रामीणों का शांतिपूर्ण धरना

रामनगर।रामनगर तहसील क्षेत्र में लागू किए गए प्राधिकरण को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि प्राधिकरण लागू होने से क्षेत्र की करीब 25 ग्राम पंचायतों में बुनियादी भूमि संबंधित कार्य अत्यधिक जटिल और महंगे हो गए हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि नक्शा पास कराने, निर्माण अनुमति, भूमि के कागजात तैयार कराने व अन्य प्रमाण-पत्रों से जुड़े सामान्य काम अब प्राधिकरण के कारण मुश्किल हो चुके हैं, जबकि पहले ये सेवाएँ तहसील और ब्लॉक स्तर पर सरलता से उपलब्ध थीं। इस व्यवस्था के चलते लोगों का समय, पैसा और ऊर्जा—तीनों ज्यादा खर्च हो रहे हैं।

धरने में शामिल प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए तत्काल प्राधिकरण को निरस्त करने तथा सभी सेवाएँ पूर्व की तरह स्थानीय स्तर से ही उपलब्ध कराने की मांग की।

धरने में क्षेत्र पंचायत के ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख मीना रावत, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष नवीन सती, पूर्व सभासद शिल्पेंद्र बंसल, मिथिलेश डंगवाल, संजय रावत सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और कई पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में शामिल रहे।


Spread the love