Spread the love

ई-साक्ष्य एप पर लापरवाही: डीजीपी की सख्ती, चोरगलिया थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

हल्द्वानी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने ई-साक्ष्य एप के जरिए विवेचना का ऑनलाइन काम पूरा न होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।

30 अगस्त को डीजीपी ने प्रदेशभर के थानाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की थी। बैठक में विवेचनाओं की प्रगति और उनमें आ रही दिक्कतों की समीक्षा की गई। इसी दौरान चोरगलिया थाने में दर्ज एक मामले का संज्ञान लेते हुए उन्होंने पूछा कि ई-साक्ष्य एप पर विवेचना ऑनलाइन क्यों नहीं की गई।

इस मामले की जांच एडिशनल एसआई विजय राणा कर रहे थे, लेकिन थानाध्यक्ष राजेश जोशी पूरे मामले से अनजान नजर आए। डीजीपी ने उनकी जवाबदेही तय करते हुए नाराजगी जताई और आदेश दिया कि वे तत्काल लाइन हाजिर हों। आदेश मिलते ही थानाध्यक्ष को लाइन में भेज दिया गया।

डीजीपी ने सख्त चेतावनी दी कि थाने में दर्ज होने वाली हर शिकायत और उसकी विवेचना की पूरी जानकारी थानाध्यक्ष के पास होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनभिज्ञता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में डीजीपी ने यह भी पूछा कि संबंधित थाना किस सीओ सर्किल में आता है। जब बताया गया कि थाना लालकुआं सर्किल में है, तो उन्होंने सीओ दीपशिखा अग्रवाल से भी सवाल किया और निर्देश दिए कि वे अपने सर्किल में होने वाले मामलों की गंभीरता से निगरानी करें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।


Spread the love