स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की बैठक संपन्न, सुविधाओं और अधिकारों पर हुई चर्चा
द्वितीय पीढ़ी को भी प्रथम पीढ़ी जैसी सुविधाएं देने की मांग तेज
हल्द्वानी। उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन (रजि.) की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष श्री ललित पंत के निवास स्थान, 32 वसंत विहार हल्द्वानी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन से जुड़े अधिकतम प्रथम एवं द्वितीय पीढ़ी के उत्तराधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी 8 सितंबर 2025 (सोमवार) प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय सभागार नैनीताल में होने वाली बैठक को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही उपस्थित सदस्यों ने अपनी-अपनी समस्याओं को साझा किया। निर्णय लिया गया कि सभी उत्तराधिकारी अपने प्रार्थना पत्र मय साक्ष्य जिला अधिकारी महोदया के नाम प्रस्तुत करें।
बैठक में विशेष रूप से द्वितीय पीढ़ी को भी प्रथम पीढ़ी की तरह सुविधाएं प्रदान किए जाने पर चर्चा हुई। यह बिंदु मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में भी शामिल किया गया है। भूमि हीन उत्तराधिकारियों से कहा गया कि वे भूमि हीन प्रमाण पत्र जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर आगे की कार्रवाई हेतु प्रस्तुत करें।
कोटाबाग क्षेत्र के ग्राम सैलसिया चकधौलानी में स्वतंत्रता सेनानियों को आवंटित भूमि का मालिकाना हक उनके परिवारों को प्रदान करने के विषय पर भी चर्चा हुई। सभी उत्तराधिकारियों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने साक्ष्य सहित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी महोदया को प्रस्तुत करें।
बैठक में संगठन द्वारा विकास एवं निर्माण कार्यों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पूर्वक निस्तारित करने की बात रखी गई। साथ ही यह मांग भी की गई कि राष्ट्रीय पर्व जैसे 15 अगस्त और 26 जनवरी पर सेनानी परिवारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए।

नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सेनानी उत्तराधिकारी परिवारों को हाउस टैक्स आदि में छूट देने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में शासनादेश जारी करने की आवश्यकता बताई गई।
द्वितीय पीढ़ी के परिचय पत्र/प्रमाण पत्र पर विचार करते हुए यह सुझाव दिया गया कि यदि प्रशासन के पास सभी साक्ष्य एवं विवरण उपलब्ध हैं और पेंशन मिल रही है, तो मात्र ₹10 के स्टांप पर शपथ पत्र देकर उत्तराधिकारियों को प्रमाण पत्र एवं परिचय पत्र जारी किए जाएं।
बैठक में यह भी मांग रखी गई कि शासन विशेष नीति बनाकर सेनानी उत्तराधिकारियों के बेरोजगार बच्चों को रोजगार एवं अनुदान राशि उपलब्ध कराए। इसके साथ ही, चिकित्सालयों में सेनानी परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं से संबंधित सूचना पट लगाए जाएं।
शासनादेशों के अनुरूप सरकारी भवनों, स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों एवं चौराहों का नामकरण दिवंगत सेनानियों के नाम पर किए जाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक का संचालन संगठन के जिला अध्यक्ष नवीन चंद पांडे ने किया।
