जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने संभाला बागेश्वर का कार्यभार, बागनाथ मंदिर में किए दर्शन
कार्यभार ग्रहण के दिन की पहली प्रेस ब्रीफिंग में कहा – पारदर्शिता और जनहित रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर। नव नियुक्त जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने सोमवार को विधिवत रूप से जिलाधिकारी बागेश्वर का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने बागनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान बागनाथ के दर्शन किए और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जिला कोषागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड पंजिका, रसीद बुक, स्टाम्प रजिस्टर, पैड लॉक आदि का गहन परीक्षण किया और व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण के दौरान आकांक्षा कोण्डे ने जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा सभी से पारदर्शिता, दक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2018 बैच की अधिकारी हैं। कार्यभार ग्रहण से पूर्व वे मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार के पद पर कार्यरत थीं। अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए कुशल नेतृत्व और संवेदनशील प्रशासनिक शैली का परिचय दिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सेवाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावितों को शीघ्र राहत दी जाएगी तथा क्षतिग्रस्त ढांचों के सुधार कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का तत्परता से समाधान किया जाएगा और जनता की समस्याओं को हल करना उनका पहला कर्तव्य होगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य कोषाधिकारी कन्हैया राम सहित राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
