Spread the love

जिलाधिकारी ने तहसील बागेश्वर का औचक निरीक्षण किया, जनसेवा में पारदर्शिता और गति पर दिया जोर

जिला पुस्तकालय को मिलेगा नया स्वरूप, विद्यार्थियों के लिए कोचिंग सुविधा की योजना पर होगा कार्य प्रारंभ

संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बुधवार को तहसील बागेश्वर परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम न्यायालय, जिला पूर्ति कार्यालय, जिला पुस्तकालय, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय और नवीन सभागार कक्ष सहित विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली और अभिलेखों व रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित की जाएं।

जिला पूर्ति कार्यालय में निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और पोर्टल सिस्टम का अवलोकन किया और लाभार्थियों तक राशन वितरण की वास्तविक स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे को निर्देश दिए कि विलोपन रिपोर्ट शीघ्र डीपीआरओ को प्रस्तुत की जाए, ताकि अन्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखागार कक्ष में विभिन्न दस्तावेजों की जांच की और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसेवा में पारदर्शिता और प्रगति दोनों स्पष्ट रूप से दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दैनिक प्रगति रिपोर्ट और अमीनों के क्षेत्र भ्रमण का नियमित ट्रैक रखा जाए, ताकि कार्य प्रणाली में जवाबदेही बनी रहे।

जिला पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वहां की कमियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पुस्तकालय को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करेगा। साथ ही, विद्यार्थियों के लिए कोचिंग सुविधा प्रारंभ करने की योजना पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद मिल सके।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में आने वाले जनसाधारण को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और दक्षता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रियंका रानी, तहसीलदार दिलीप सिंह, नायब तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love