किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे: जिलाधिकारी
लालकुआं में बहुउद्देशीय शिविर, 105 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का किराया नहीं बढ़ेगा – डीएम रयाल
लालकुआं, 18 फरवरी 2026 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के तहत बुधवार को नगर पंचायत लालकुआं परिसर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों और नगरवासियों ने सिंचाई, विद्युत, सड़क, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को 15 दिन की समयसीमा दी गई।
नगर पंचायत क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनाए गए आवासों में रह रहे परिवारों ने भवन किराया बढ़ाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि इन परिवारों से पूर्व निर्धारित दरों पर ही किराया लिया जाए, किराया वृद्धि न की जाए।
साथ ही पेयजल समस्या पर जल संस्थान को दो दिन के भीतर प्रत्येक घर जाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। भवनों की जर्जर स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी और ईओ को कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश निर्माण निगम से समन्वय कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों की मरम्मत, नई गूलों के निर्माण, अतिक्रमण हटाने और बंद नहरों की सफाई की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सिंचाई, लघु सिंचाई और नलकूप विभाग को निर्देश दिए कि सभी गूलों और नहरों की मरम्मत व सफाई शीघ्र कराई जाए तथा नई योजनाओं के प्रस्ताव अगली जिला योजना में शामिल किए जाएं। अतिक्रमण के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने लो वोल्टेज की समस्या से सिंचाई पंपों के संचालन में आ रही दिक्कतों की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को मौके का निरीक्षण कर अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई करने को कहा। विद्युत और नलकूप विभाग को आपसी समन्वय से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर डीएम ने राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग को नियमित छापेमारी के निर्देश दिए।
पेपर मिल द्वारा खुले में गंदा पानी छोड़े जाने से प्रदूषण की शिकायत पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच कराने और मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
गोला नदी में हो रहे भू-कटाव और गंगापुर कबड़वाल में स्टोन क्रेशर से हो रही समस्या की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 125 लोगों का निशुल्क परीक्षण कर दवा वितरित की। आयुर्वेदिक विभाग ने 60 और होम्योपैथिक विभाग ने 55 लोगों का परीक्षण किया।
पंचायतीराज विभाग ने 12 परिवार रजिस्टर की नकल, 8 जन्म-मृत्यु पंजीकरण और 8 बीपीएल नकल जारी की। विभिन्न विभागों द्वारा कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, श्रम, मत्स्य, सहकारिता एवं समाज कल्याण योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किए गए। 12 आधार कार्ड भी बनाए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में एक्स-रे मशीन संचालन हेतु टेक्नीशियन की कमी पर जिलाधिकारी ने शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। भूमि स्वामित्व के मामलों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कमेटी गठित करने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित समस्याओं का समाधान सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के सिद्धांत पर सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लौटनी, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, ज्येष्ठ उप प्रमुख कमल भंडारी, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

