रामनगर : जुलूस में डीजे की तेज आवाज से बिगड़ी तबीयत, युवक की मौत
रामनगर। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान एक युवक की डीजे की तेज आवाज से तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। खुशियों का जुलूस अचानक मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शक्तिनगर निवासी कासिम सैफी (पुत्र मुशर्रफ सैफी) शुक्रवार को निकाले जा रहे ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल हुआ था। भवानीगंज से शुरू हुआ जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए रानीखेत रोड पर पहुंचा। इसी दौरान दोस्तों संग जश्न मना रहे कासिम की तबीयत डीजे की तेज धमक से अचानक खराब हो गई।
आनन-फानन में उसे संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे काशीपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कासिम ने दम तोड़ दिया।
अचानक हुई इस घटना से परिवार और पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया। क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
