जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के अभिनंदन समारोह में डीएम ललित मोहन रयाल सम्मानित, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण का लक्ष्य
जिला बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा आयोजित गरिमामय अभिनंदन समारोह में मंगलवार को ललित मोहन रयाल (जिलाधिकारी, नैनीताल) सहित न्यायिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद एवं सचिव दीपक रूवाली ने जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा न्यायिक कार्यों, विशेषकर राजस्व न्यायालयों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित और सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं, जो अधिवक्ताओं तथा आम जनता के हित में हैं। उन्होंने जारी लिखित आदेशों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और न्याय व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।

बार सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि नैनीताल बार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और यहां के अधिवक्ता सदैव न्याय के पक्ष में दृढ़ता से खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता का पेशा चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि उन्हें अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठानी पड़ती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण जनपद में कार्य करना अधिकारियों के लिए उपलब्धि के समान है। अधिवक्ताओं और प्रशासन का एकमात्र उद्देश्य जनहित में कार्य करना है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं द्वारा राजस्व न्यायालयों से संबंधित जो समस्याएं उनके समक्ष रखी गई थीं, उनके समाधान हेतु लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को उनका अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में राजस्व न्यायालयों में 7,500 से अधिक प्रकरण लंबित हैं। आगामी तीन माह में इन्हें घटाकर लगभग 2,000 तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं की सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
