डीएम ललित मोहन रयाल सख्त: 15 दिन में आवासीय और 30 दिन में गैर-आवासीय मानचित्र स्वीकृत करें
Spread the love

डीएम ललित मोहन रयाल सख्त: 15 दिन में आवासीय और 30 दिन में गैर-आवासीय मानचित्र स्वीकृत करें

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के सचिव, संयुक्त सचिव समेत सभी सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में लंबित आवासीय एवं गैर-आवासीय मानचित्रों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासीय मानचित्र 15 दिन के भीतर तथा गैर-आवासीय मानचित्र 30 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से स्वीकृत किए जाएं।

डीएम ने कहा कि जिन मानचित्रों में किसी प्रकार की आपत्ति हो, उसमें बार-बार आपत्ति लगाने के बजाय एक ही बार में सभी आपत्तियां स्पष्ट रूप से दर्ज कर संपूर्ण विवरण सहित आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके। साथ ही जिन प्रस्तावों में अन्य विभागों से अनापत्ति (NOC) आवश्यक है, उनके लिए संबंधित विभागों को प्रत्येक सप्ताह अनुस्मारक पत्र भेजे जाएं, जिससे अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। प्रत्येक सहायक अभियंता सप्ताह में अपने अधीनस्थ अवर अभियंताओं के साथ मानचित्रों की समीक्षा कर उसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत किया जाए। किसी भी प्रकार के दबाव में आकर कार्य न किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर मानचित्र स्वीकृत किए जाएं। यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सचिव एवं संयुक्त सचिव को भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक करें और क्षेत्रीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करें। डीएम ने कहा कि आमजन को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए और सभी कार्य समय पर संपन्न हों।

बैठक में सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, संयुक्त सचिव गोपाल सिंह चौहान सहित सभी सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता मौजूद रहे।


Spread the love