शराब के नशे में 112 पर ‘चाकूबाजी’ का ड्रामा! पुलिस दौड़ी मौके पर, सच्चाई खुलते ही ₹5000 का तगड़ा चालान
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सतर्कता के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शराब के नशे में ‘चाकूबाजी’ की झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ा दिया।
एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के सख्त निर्देशों के तहत आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सबक सिखाया।
29 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भोटियापड़ाव स्थित वैलेजली लॉज क्षेत्र में एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन वहां का नजारा बिल्कुल अलग था।
जांच के दौरान पाया गया कि सूचनाकर्ता राहुल चौहान पुत्र बृज लाल, निवासी वैलेजली लॉज, भोटियापड़ाव, हल्द्वानी, शराब के नशे में धुत था और उसके साथ कोई भी घटना नहीं हुई थी। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह झूठी कॉल की थी।
पूछताछ में युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और माफी भी मांगी, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में नहीं लिया।
राजकीय कार्य में बाधा डालने और आपातकालीन सेवा के दुरुपयोग के चलते पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही ₹5000 का चालान कर दिया।
नैनीताल पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


