यूपी के बिजनौर में सीएम धामी की वीवीआईपी फ्लीट की कार हादसे का शिकार, चालक घायल
बिजनौर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वीवीआईपी फ्लीट में शामिल एक कार रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा बिजनौर रोड पर गांव असदपुर धमरौली के समीप हुआ, जब काफिले की एक कार गन्ने से लदे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और सड़क किनारे खाई में पलट गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात वीवीआईपी काफिले की चार कारें देवबंद (सहारनपुर) से लखनऊ लौट रही थीं। इसी दौरान उक्त दुर्घटना हुई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार के सभी एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल कार के शीशे तोड़कर चालक महावीर सिंह पुत्र सूरजपाल सिंह, निवासी कोठा बधाई, थाना वजीरगंज, जनपद गोंडा को बाहर निकाला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और काफिले में शामिल अन्य चालक राजकुमार गौतम ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की सलाह पर घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया। साथी चालक राजकुमार गौतम ने बताया कि चालक की स्थिति स्थिर है और समय पर एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
