रुद्रपुर में नशा तस्करों का पुलिस पर हमला, एएनटीएफ की दबिश के दौरान पथराव, हेड कांस्टेबल घायल
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस टीम पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे। ऊधम सिंह नगर मुख्यालय रुद्रपुर में स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने पथराव कर दिया। इस हमले में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के सुभाष कॉलोनी में स्मैक (हेरोइन) की सप्लाई की गुप्त सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने दबिश दी थी। जैसे ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद तस्करों ने अचानक पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
पथराव के दौरान हेड कांस्टेबल भुवन पांडेय के सिर में ईंट लग गई, जिससे वह घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल पुलिसकर्मी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर भारी फोर्स तैनात कर दी है। आरोपी तस्करों के घरों की सघन तलाशी ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुभाष कॉलोनी क्षेत्र में स्मैक की बड़ी खेप सप्लाई होने वाली है। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
