रामनगर में ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई मेडिकल स्टोर पर गिरी गाज
औचक छापेमारी में 12 दुकानों की जांच, प्रतिबंधित दवाओं की बरामदगी और लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश
रामनगर। ड्रग्स विभाग ने सोमवार को औचक छापेमारी करते हुए शहर के कई मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई की। टीम के अचानक पहुंचने की जानकारी मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि यह विशेष जांच अभियान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया। टीम ने रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 12 मेडिकल स्टोर्स की जांच की।
जांच के दौरान महालक्ष्मी मेडिकल, न्यू लाइफ मेडिकल और हैप्पी लाइफ मेडिकल में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इनमें दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, स्टोरेज मानकों का उल्लंघन और लाइसेंस शर्तों का अनुपालन न करना शामिल है। विभाग ने इन तीनों दुकानों के लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
इसके अलावा, दो अन्य मेडिकल स्टोर्स में भी कमियां मिलीं, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है। एक दुकान से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद होने पर उसे मौके पर ही सील कर दिया गया और लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी गई।
छापेमारी के दौरान जिन दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर फरार होने की कोशिश की, उनकी पहचान की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि इन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीनाक्षी बिष्ट ने कहा कि ड्रग्स विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा और स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर सभी मेडिकल स्टोर्स की समय-समय पर जांच की जाएगी।





