नैनीताल जिले में RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया का शिक्षा विभाग ने जारी किया शेड्यूल
नैनीताल। जिले में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश दिलाने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र के लिए विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी गई है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) गोविंद राम जयसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 मार्च से 15 मार्च तक ऑनलाइन पोर्टल पर नए निजी स्कूलों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही पहले से पंजीकृत स्कूल अपने विवरण को अपडेट कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च तक संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय स्तर पर पंजीकृत निजी विद्यालयों की मान्यता, आरटीई के तहत आरक्षित सीटों की संख्या निर्धारण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
सीईओ के अनुसार अभिभावक 24 मार्च से 2 अप्रैल तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीईओ कार्यालय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।
प्रवेश के लिए 17 अप्रैल को लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जबकि 18 अप्रैल को लॉटरी का परिणाम घोषित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की सूची 18 से 30 अप्रैल के बीच पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि पात्र बच्चों को योजना का लाभ मिल सके।
