डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन
Spread the love

वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी हमले के विरोध में बुद्ध पार्क में प्रदर्शन, डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन

हल्द्वानी। वेनेजुएला में अमेरिकी हस्तक्षेप के आरोपों को लेकर सोमवार को बुद्ध पार्क में जनसंगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और प्रदर्शन के बाद अमेरिकी साम्राज्यवाद तथा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 3 जनवरी को अमेरिकी सेनाओं द्वारा वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई की गई, जिसमें निर्दोष नागरिकों को नुकसान पहुंचा। वक्ताओं ने दावा किया कि वेनेजुएला की संप्रभुता पर हमला करते हुए वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अगवा किया गया। इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन बताया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दुनिया में लोकतंत्र की दुहाई देने वाले अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान अन्य देशों में लोकतांत्रिक सरकारों को गिराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वेनेजुएला पर लगाया जा रहा मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप केवल एक बहाना है, जबकि असल मंशा देश के तेल, सोना और खनिज संसाधनों पर कब्जा जमाने की है।

वक्ताओं ने इराक, लीबिया और अन्य देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे पहले भी ऐसे ही आरोपों की आड़ में सैन्य हस्तक्षेप किए गए, जिनके परिणामस्वरूप वहां अस्थिरता और जनहानि हुई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नीतियों के चलते दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध, हिंसा और विस्थापन बढ़ा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को तत्काल रिहा किया जाए तथा अमेरिका और उसके नेतृत्व पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने दुनिया भर के मजदूरों और जनसंगठनों से एकजुट होकर ऐसे कथित साम्राज्यवादी हस्तक्षेपों का विरोध करने की अपील की।

प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की रजनी, ऋचा, दीपा, मीना, तुलसी, नीता, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की शारदा, रजनी, विमला, आनंदी, पद्मकविता, रीना, परिवर्तनकामी छात्र संगठन के महेश, चंदन, अनिषेख, दीपांकज, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के मुकेश तथा मानव अधिकार रक्षा अभियान के यतीश पंत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love