Spread the love

किसानों के हितों पर फोकस, किसान आयोग उपाध्यक्ष पहुँचे आँचल दुग्ध संघ लालकुआँ

लालकुआँ (नैनीताल)। उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने सोमवार को आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुग्धशाला में संचालित दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान चौधरी अजीत सिंह ने आधुनिक मशीनरी के माध्यम से दूध, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को देखा। इस अवसर पर प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने दुग्धशाला की प्रयोगशाला (लैब) में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया, फैट, एसएनएफ एवं शुद्धता की जांच संबंधी विधियों की विस्तृत जानकारी दी।

आँचल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने दुग्धशाला की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संघ द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों से दूध संग्रह किया जा रहा है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों, आधुनिक तकनीक के उपयोग और दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान की व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध उत्पादन लागत, पशु आहार, पशु स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर भुगतान जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान आयोग इन समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और इनके स्थायी समाधान के लिए सरकार स्तर पर ठोस पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाना, तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना और सहकारी संस्थाओं को अधिक मजबूत बनाना आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों से जुड़े सभी मुद्दों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र हल किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी गीतांजलि, सहायक कृषि अधिकारी अफरोज अहमद, अमृत लाल श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं दुग्ध संघ की ओर से पी. एंड. आई. सुभाष बाबू, प्रभारी उत्पादन उमेश राणा, प्रभारी इंजीनियर/स्टोर प्रभारी खलील अहमद, राजू दुम्का, लैब प्रभारी रमेश कुमार, इंजीनियर दिनेश कुलोरा, डॉ. रमेश मेहता, एम.आई.एस. कमलेश कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love