गौला में अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा! छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, मचा हड़कंप
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चलाए गए औचक चेकिंग अभियान में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से उपखनिज ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशन में उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) द्वारा 9 मार्च 2026 को गौला रेंज के देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र में अचानक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में उपखनिज का परिवहन करते हुए मिली। जब वाहन की जांच की गई तो चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध प्रपत्र मौजूद नहीं था।
इस पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर पंजीकरण संख्या UK04AR 6122 को कब्जे में लेकर डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन पाए जाने पर वाहन को सीज करते हुए भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। वन विभाग अब इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशों के अनुसार क्षेत्र में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाए जाते रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान उपप्रभागीय वन अधिकारी ए.के. जोशी, वन क्षेत्राधिकारी (एसओजी) नवीन सिंह रैकवाल, वन दरोगा दिनेश चंद्र पंत, वन दरोगा प्रकाश चंद्र तिवारी,वाहन चालक चंदन बेदी सहित वन विभाग की टीम और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग का कहना है कि अवैध खनन और खनिज तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, और आगे भी ऐसे अभियानों के जरिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
