Spread the love

पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक दिल्ली में भाजपा के चुनाव प्रचार में सम्मिलित, भाजपा नेतृत्व से रणनीति पर चर्चा

संवाददाता सीमा खेतवाल

अल्मोड़ा: भाजपा के पूर्व दर्जामंत्री एवं वरिष्ठ नेता बिट्टू कर्नाटक दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मॉडल टाऊन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए आयोजित बैठक में भाग लिया। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह का मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी अशोक गोयल देवरहा हैं, और बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं के उत्साह से यह साफ है कि आगामी विधानसभा चुनावों में दिल्ली में भाजपा का कमल फिर से खिलने वाला है। कर्नाटक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की ओर अग्रसर होने का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा को हर चुनाव में जनता का समर्थन मिल रहा है, चाहे वह नगर निगम चुनाव हो या विधानसभा और लोकसभा चुनाव।

उन्होंने उत्तराखंड नगर निगम चुनावों में भाजपा की जीत को ध्यान में रखते हुए विश्वास जताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को शानदार सफलता मिलेगी और जनता कमल के फूल को वोट देकर पार्टी को विजयी बनाएगी।

इस बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें राष्ट्रीय महामंत्री सांसद अरुण सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के विधायक रमाशंकर पटेल, भाजपा किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदामा पांडेय, बिहार भाजपा के आईटी सेल प्रमुख बीके सिंह, गाजियाबाद नगर कार्यवाहक अश्वनी ओझा सहित अन्य कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह बैठक भाजपा की रणनीति को और मजबूत बनाने और दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति को और बेहतर करने के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई।


Spread the love