टिहरी गढ़वाल में बड़ा हादसा: कार खाई में गिरने से कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता सहित चार की मौत
टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड): जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम लगभग 6 बजे बढ़ियारगढ़ क्षेत्र के ढम्ट नामे तोक के पास हुआ। कार (UK09B0083) में सवार चारों व्यक्ति चंडीगढ़ से बढ़ियारगढ़ में एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के बाद अपने गांव मालगड्डी लौट रहे थे। रास्ते में अचानक कार नियंत्रण खो बैठी और एक मकान की बाथरूम की छत को तोड़ते हुए लगभग 40 से 50 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
दर्शन सिंह असवाल (70 वर्ष), पुत्र हरि सिंह
-
धर्म सिंह असवाल (70 वर्ष), पुत्र पीतांबर सिंह
-
कर्ण सिंह पंवार (65 वर्ष), पुत्र राम सिंह
-
राजेंद्र सिंह पंवार (60 वर्ष), पुत्र जीत सिंह पंवार
चारों मृतक टिहरी जनपद के मालगड्डी गांव निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद तहसील प्रशासन कीर्तिनगर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों शवों को खाई से बाहर निकालकर श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया।
कीर्तिनगर के तहसीलदार प्रदीप कंडारी ने बताया कि हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई थी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्रीय सड़कों की स्थिति सुधारी जाए और दुर्घटनास्थल जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय, जैसे क्रैश बैरियर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
