दूध से लेकर दही तक — दुग्ध संघ ने मार्केटिंग और किसानों की आय बढ़ाने की बनाई योजना
दुग्ध संघ की डायमंड जुबली पर दूध उत्पादकों को मिला तोहफा, फरवरी से महंगा होगा दूध

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का 75वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन शनिवार को भव्य रूप से आयोजित किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए ₹277 करोड़ 84 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गजराज सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा धरमवाल, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, और दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस अवसर पर घोषणा की कि फरवरी 2026 से दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ाए जाएंगे, साथ ही दुग्ध उत्पादकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संघ का लक्ष्य है कि “हर दुग्ध उत्पादक को उसका उचित मूल्य समय पर मिले और दुग्ध उद्योग को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए।”
लगभग पांच घंटे तक चले अधिवेशन में विभिन्न दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और उत्पादकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई और समाधान के लिए प्रस्ताव पारित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध संघ की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया, जिनमें लालकुआं के लालूपुर वासी कृपाल सिंह को एक वर्ष में 68,536 लीटर दूध उत्पादन के लिए “गोकुल पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा तीन पर्वतीय और तीन मैदानी क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को भी सर्वाधिक उत्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
अधिवेशन में मंडी परिषद चेयरमैन अनिल कपूर (डब्बू), डेयरी विकास विभाग के निबंधक अशोक जोशी, प्रबंध निदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, तथा संघ के संचालक मंडल और सैकड़ों दुग्ध समिति अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (प्रशासन) संजय भाकुनी ने किया। समापन पर दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सभी अतिथियों और उत्पादकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि —
“दुग्ध संघ हमेशा किसानों और पशुपालकों के हित में काम करता रहेगा। हम चाहते हैं कि राज्य के हर दुग्ध उत्पादक तक हमारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।”
