Spread the love

पट्टा मिला खेती को, बना डाला रिसोर्ट — डीएम ने दिखाई सख्ती,0.220 हेक्टेयर जमीन सरकार में जब्त

नैनीताल | 1 मार्च 2026।जनपद नैनीताल में कृषि पट्टे की जमीन पर होटल खड़ा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पट्टे की शर्तों को ताक पर रखकर खेत की जमीन पर रिसोर्ट चलाए जाने पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है।

ललित मोहन रयाल (जिलाधिकारी नैनीताल) ने सख्त रुख अपनाते हुए सूर्या गांव, पट्टी चोपड़ा स्थित 0.220 हेक्टेयर भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

 क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार गोपाल सिंह, केशर सिंह और उदुली देवी को श्रेणी–5 व श्रेणी–7(क) के तहत कृषि कार्य के लिए भूमि पट्टे पर दी गई थी। लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि जमीन पर खेती के बजाय उसे विकास किरोला के पक्ष में लीज पर दे दिया गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि उस जमीन पर होटल/रिसोर्ट का निर्माण कर बाकायदा व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

जांच में खुली पोल

राजस्व अभिलेखों की जांच और स्थलीय निरीक्षण में साफ पाया गया कि भूमि का उपयोग पट्टे की शर्तों के अनुरूप नहीं किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीन को राज्य सरकार में निहित करने का आदेश पारित कर दिया।

साथ ही परगना अधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए गए हैं कि नियमानुसार भूमि का विधिवत कब्जा लेकर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करें।

प्रशासन की इस कार्रवाई को साफ संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि कृषि भूमि का दुरुपयोग अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नैनीताल में जमीन के बढ़ते व्यावसायिक दोहन के बीच यह फैसला अन्य मामलों के लिए भी नजीर बन सकता है।


Spread the love