मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Spread the love

पेंशन योजनाओं में गड़बड़ी पर सरकार सख्त, 1377 संदिग्ध मामलों की जांच के बाद अपात्रों की पेंशन बंद करने के आदेश

देहरादून। प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के दुरुपयोग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। वृद्धावस्था और विधवा पेंशन से जुड़े 1377 संदिग्ध मामलों का जनपदवार सत्यापन कराया गया, जिसमें कई लाभार्थी नियमों के विपरीत योजना का लाभ लेते पाए गए। ऐसे अपात्र लाभार्थियों की पेंशन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं जरूरतमंदों के लिए हैं, और यदि कोई व्यक्ति गलत दस्तावेजों या तथ्यों को छुपाकर लाभ ले रहा है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले में जिम्मेदारी तय की जाए और यह भी जांचा जाए कि किन स्तरों पर लापरवाही या मिलीभगत हुई।

सरकार का फोकस अब यह सुनिश्चित करने पर है कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों तक ही पहुंचे। इसके लिए भविष्य में नियमित सत्यापन और निगरानी की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी जिलों में पेंशन लाभार्थियों का पुनः परीक्षण किया जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके और वास्तविक जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिलती रहे।


Spread the love