नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बागेश्वर में भव्य बाइक व छात्र रैली
जिलाधिकारी आशीष भटगांई – “नशा मुक्त समाज निर्माण में युवाओं की अग्रणी भूमिका”
संवाददाता – सीमा खेतवाल

बागेश्वर। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला मुख्यालय बागेश्वर में पुलिस विभाग द्वारा भव्य बाइक रैली और विद्यालयी छात्र-छात्राओं की नशा उन्मूलन रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तहसील परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाने से हुई।

तत्पश्चात जिलाधिकारी आशीष भटगांई एवं पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने तहसील कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मुख्य बाजार से होते हुए नुमाइश्खेत मैदान में संपन्न हुई।
इस रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस बल, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “युवा शक्ति – राष्ट्र की ताकत” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे नारे लगाकर जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी तोड़ देता है। युवाओं को शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। हम सभी को मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि नशे को जड़ से खत्म करें।” उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य नशा उन्मूलन का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में सीईओ जीएस सोन, डीएसडब्ल्यूओ जसमीत कौर, सीओ अजय शाह, तहसीलदार निशा रानी, पूर्व रेडक्रॉस चेयरमैन संजय साह जगाती, दीप जोशी सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और पुलिस जवान उपस्थित रहे।
