कठायतवाड़ा में शिशु वाटिका एवं बाल मेले का भव्य आयोजन
Spread the love

सरस्वती शिशु मंदिर कठायतवाड़ा में शिशु वाटिका एवं बाल मेले का भव्य आयोजन, अभिभावकों ने की सराहना

संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर । सरस्वती शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल, कठायतवाड़ा में आज शिशु वाटिका एवं बाल मेले का रंगारंग और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय संभाग निरीक्षक श्री गणेश उपाध्याय, शिशु वाटिका की जिला संयुक्त प्रमुख श्रीमती मीना तिवारी तथा सरस्वती शिशु मंदिर इकाई कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री रमेश चंद्र असवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री तारा शंकर पाठक, डॉ. सागर जी, हेमंत वर्मा सहित समस्त विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भाग लिया।

बाल मेले में खेल आधारित शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिशु वाटिका की 12 व्यवस्थाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिनमें बालकों के सर्वांगीण विकास, संस्कार, अनुशासन और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक स्टॉलों ने अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य अतिथि श्री गणेश उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि शिशु वाटिका पद्धति बच्चों के समग्र विकास का सशक्त माध्यम है, जिसमें खेल-खेल में शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश किया जाता है। श्रीमती मीना तिवारी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस नवाचारी पहल की सबने प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।


Spread the love