हल्द्वानी : आयुक्त दीपक रावत ने किया क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिये जल्द मरम्मत के निर्देश
हल्द्वानी, 25 अगस्त 2025 । आयुक्त/सचिव मा0 मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी शहर के क्षतिग्रस्त मार्गों का लोनि.वि., ब्रिडकुल एवं जल संस्थान के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता से की जाए और जल्द से जल्द उन्हें गड्ढामुक्त बनाया जाए।
आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में डामरीकरण का कार्य संभव नहीं है, इसलिए इस दौरान वैकल्पिक उपायों से मरम्मत सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों की मॉनिटरिंग करें और प्राथमिकता से मरम्मत कराएं। वर्षाकाल समाप्त होने के बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत भी कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने काठगोदाम नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन के पास की सड़क, देवलचौड़ चौराहा मार्ग और टीपीनगर सड़क का निरीक्षण किया। काठगोदाम रोडवेज क्षेत्र में सड़क क्षति का कारण नवनिर्मित बस स्टेशन से बहने वाला पानी और पेयजल लाइन लीकेज पाया गया। इस पर उन्होंने जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता को तुरंत लीकेज सुधारने और कार्यदायी संस्था को स्टेशन से निकलने वाले पानी को ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।
देवलचौड़ और टीपीनगर मार्गों को लेकर लोनि.वि. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन्हें जल्द गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का नियमित निरीक्षण किया जाए और वर्षा ऋतु में वैकल्पिक तरीकों से मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना, लोनि.वि. के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार और ब्रिडकुल अधिकारी मौजूद रहे।
