Spread the love

हल्द्वानी: दीपावली के रॉकेट से लगी आग, लालडांट में झोपड़ी जलकर खाक – सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

हल्द्वानी। लालडांट स्थित साकेत कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद झोपड़ी में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया। गनीमत रही कि घटना के समय झोपड़ी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

जानकारी के अनुसार झोपड़ी बटाईदार की थी, जिसका परिवार दीपावली मनाने अपने गांव गया हुआ था। इस दौरान झोपड़ी में आग लगने से भीतर रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख तुरंत फायर ब्रिगेड और मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दीपावली की आतिशबाजी के दौरान छोड़ा गया एक रॉकेट झोपड़ी पर गिर गया, जिससे आग भड़क उठी।

दमकल विभाग ने घटना के बाद क्षेत्रवासियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान गैस सिलेंडर, बिजली उपकरणों और आस-पास की ज्वलनशील वस्तुओं की सुरक्षा जांच अवश्य करें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।


Spread the love