इंस्टाग्राम पर विदेशी दोस्ती का जाल, हल्द्वानी की युवती से 4 लाख की ठगी
हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती हल्द्वानी की युवती के लिए महंगी साबित हुई। इंस्टाग्राम के जरिए खुद को कनाडा निवासी बताने वाले एक शातिर ठग ने गिफ्ट में अमेरिकी डॉलर भेजने का झांसा देकर युवती से करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी में कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाली एक युवती की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई। युवक ने खुद को कनाडा में रहने वाला एनआरआई बताया और कुछ ही दिनों में युवती का भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने युवती को सरप्राइज गिफ्ट भेजने की बात कही और दावा किया कि पार्सल में 50 हजार अमेरिकी डॉलर हैं।
कुछ दिनों बाद युवती को एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया। उसने कहा कि विदेश से आया पार्सल कस्टम में फंस गया है और उसे छुड़ाने के लिए टैक्स और करेंसी कन्वर्जन के नाम पर पैसे जमा कराने होंगे।
युवती ठगों के जाल में फंसती चली गई और किस्तों में पैसे भेजती रही। ठगों के कहने पर युवती ने अपने बचत खाते से पैसे निकाले और यहां तक कि एफडी भी तुड़वाकर कुल चार लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
लेकिन पैसे भेजने के बाद न तो कोई पार्सल मिला और न ही वह विदेशी दोस्त संपर्क में आया। खुद को ठगा महसूस करने पर युवती ने पुलिस की शरण ली।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं उनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
