Spread the love

हल्द्वानी: दीपावली की रात राजपुरा क्षेत्र में उपद्रवियों का उत्पात, बाइक में लगाई आग, चार संदिग्ध हिरासत में

हल्द्वानी। दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और खुशियों में डूबा हुआ था, वहीं राजपुरा क्षेत्र में कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। श्याम जनरल स्टोर के पास गली में देर रात कुछ अज्ञात युवकों ने एक खड़ी बाइक में आग लगा दी और पास में खड़ी दूसरी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

बताया जा रहा है कि जिस बाइक में आग लगाई गई, वह विशाल नामक युवक की है। घटना को अंजाम देने के बाद उपद्रवियों ने पास में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि, पास के ही एक अन्य मकान में लगे कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


Spread the love