स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान: 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर, 11 सितम्बर 2025।जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बैठक में इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को ई-ब्राउज़र तैयार करने और नगर निकायों के वाहनों पर जिंगल्स के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही, शिक्षा विभाग को स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, समाज कल्याण विभाग को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने तथा वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन कराने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। अभियान की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए जनता से फीडबैक लेने पर भी बल दिया गया।
स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टमटा ने जानकारी दी कि यह अभियान महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर केंद्रित होगा। इस दौरान एनीमिया, टीबी, मुख, स्तन व गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके अलावा प्रसवपूर्व परामर्श, टीकाकरण, मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
शिविरों में स्त्री रोग, नेत्र, ईएनटी, मानसिक स्वास्थ्य, त्वचा और दंत विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही रक्तदान शिविर, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण, आभा आईडी, अटल आयुष्मान कार्ड निर्माण और ‘निक्षय मित्र’ अभियान को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
इस विशेष पखवाड़े की शुरुआत 17 सितम्बर को जिला अस्पताल बागेश्वर, कपकोट, गरुड़ और कांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से होगी। शिविरों का आयोजन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला स्तरीय संस्थानों में किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
