हल्द्वानी में बरेली रोड पर संदिग्ध गोवंश अवशेष मिलने से तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

हल्द्वानी। रविवार देर शाम हल्द्वानी में तब तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बरेली रोड पर गोवंश का संदिग्ध कटा हुआ सिर मिलने की सूचना फैल गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उजाला नगर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला सिर हाल ही में काटा हुआ प्रतीत हो रहा था, जिसे देखकर लोगों में नाराज़गी और बढ़ गई। भीड़ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद अचानक क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और माहौल गर्माने लगा।
स्थिति बिगड़ती देख कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इसके बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही महापौर गजराज बिष्ट, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और फॉरेंसिक टीम ने स्थान से नमूने एकत्र कर जांच की प्रक्रिया तेज़ कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और हालात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
