नैनीताल जिले में भारी वर्षा का अलर्ट, 3 सितम्बर को जिले के सभी स्कूल रहेंगे बंद
डीएम ने आदेश जारी कर छात्रों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता

नैनीताल। मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 2 सितम्बर 2025 की देर रात जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 3 सितम्बर को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। संभावित आपदा और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल संजय कुमार ने आदेश जारी कर जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि 3 सितम्बर 2025 (बुधवार) को जनपद नैनीताल अंतर्गत संचालित सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इस दौरान विद्यालयों पर कोई भी शैक्षिक, प्रशिक्षण अथवा अन्य गतिविधियाँ संचालित नहीं होंगी। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यालय बंद रहने की सूचना छात्रों एवं अभिभावकों तक अवश्य पहुँचाएँ।
डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्यालय बंद रहने की स्थिति में भी शिक्षकों व कर्मचारियों का अवकाश मान्य नहीं होगा, वे अपने कर्तव्यों के प्रति उत्तरदायी रहेंगे। साथ ही संबंधित विभागों को सतर्क रहकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों एवं सभी मीडिया संस्थानों को प्रसारित करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि जानकारी समय पर प्रत्येक नागरिक तक पहुँच सके।
