देहरादून में हाई वोल्टेज ड्रामा! फाइनेंस कर्मियों पर महिला ने तानी रिवॉल्वर, कोतवाली में मचा हड़कंप
देहरादून | रायवाला देहरादून के रायवाला क्षेत्र में सोमवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक महिला ने बीच सड़क फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर रिवॉल्वर तान दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मामला सीधे कोतवाली तक जा पहुंचा।
बताया जा रहा है कि एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार को रोककर किस्त बकाया होने की बात कर रहे थे। कर्मचारियों का दावा है कि वाहन मालिक ने उनकी कंपनी से गाड़ी फाइनेंस कराई थी, लेकिन लंबे समय से किश्तें जमा नहीं की जा रही थीं। इसी सिलसिले में जब कर्मचारियों ने कार में सवार महिला से बात करनी चाही तो विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान महिला ने अचानक कार के डैशबोर्ड से रिवॉल्वर निकाल ली और कर्मचारियों की ओर तान दी। हथियार देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले आई। पूछताछ में सामने आया कि महिला उत्तर प्रदेश में तैनात एक दरोगा की पत्नी बताई जा रही है। जिस रिवॉल्वर से कर्मचारियों को डराया गया, वह दरोगा के नाम पर पंजीकृत सर्विस रिवॉल्वर बताई जा रही है।
पुलिस ने एहतियातन रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है और संबंधित दरोगा को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सवाल यह उठ रहा है कि सर्विस रिवॉल्वर महिला के पास कैसे पहुंची और सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की नौबत क्यों आई? फिलहाल रायवाला क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

