Spread the love

हीरानगर हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिकों का होली मिलन समारोह, कुमाऊंनी होली से सजी सांस्कृतिक संध्या

हल्द्वानी। 2 मार्च 2026 को पर्वतीय उत्थान मंच, हीरानगर हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुमाऊंनी संस्कृति की पारंपरिक बैठकी और खड़ी होली की मधुर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

समारोह में सुर-साधना लोहरिया साल मल्ला (हल्द्वानी) की महिला मंडली, गौरी महेश्वरी समिति सीएमटी डहरिया (हल्द्वानी) की महिला मंडली तथा मधुबन महिला समिति जज फार्म की सदस्यों ने होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही पुरुष टोली के श्री कृष्णानंद उपाध्याय, श्री पी.सी. जोशी, श्री पी.एस. मेहता, श्री जगदीश चंद्र डालाकोटी सहित अन्य कलाकारों ने पारंपरिक खड़ी एवं बैठकी होली प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति सुर-साधना समिति द्वारा मंचित सीमा पर तैनात सैनिक की व्यथा पर आधारित भावपूर्ण नृत्य-नाटिका रही, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया और देशभक्ति का संदेश दिया।

समारोह में दर्जा राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष श्री नवीन वर्मा, उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र पांडे सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति हल्द्वानी के अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे, महामंत्री श्री डी.के. पांडे, उपाध्यक्ष श्रीमती भगवती बिष्ट, कोषाध्यक्ष श्री पी.एस. जन्तवाल, संरक्षक श्री डी.के. बल्यूटिया तथा अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम के समापन पर समिति के अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे ने सभी उपस्थितजनों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार उत्साह और सौहार्द के साथ आयोजन संपन्न करने की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


Spread the love