पिकअप पर गिरा पेड़
Spread the love

अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर आधी रात खौफनाक हादसा, चलती पिकअप पर गिरा विशाल चीड़ का पेड़, चालक बाल-बाल बचा

अल्मोड़ा/हल्द्वानी। तेज आंधी और तूफान के बीच अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक विशालकाय चीड़ का पेड़ चलती पिकअप वाहन पर आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि पीछे आ रहे वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि वाहन चालक इस बड़े हादसे में बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़ ब्लॉक के कमोली (सुयालबाड़ी) निवासी भूपाल सिंह रौतेला मंगलवार शाम अपनी पिकअप संख्या UK 04 CC 3055 में निर्माण सामग्री लादकर हल्द्वानी से सुयालबाड़ी की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज आंधी-तूफान के कारण उन्हें कई जगह रुकना पड़ा।

बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे जब उनका वाहन रातीघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक विशाल चीड़ का पेड़ पिकअप के पिछले हिस्से पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही वाहन बुरी तरह दब गया और पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालक भी दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी पुलिस और एसडीआरएफ छड़ा इकाई की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत-बचाव अभियान चलाकर पहले वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद लोडर और कटर मशीन की मदद से पेड़ को काटकर वाहन से हटाया गया।

पेड़ गिरने के कारण अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब पांच बजे के आसपास हाईवे पर यातायात सुचारु कराया जा सका।

इस दौरान मौके पर एसआई रमेश पंत, एसडीआरएफ के एसआई पुष्कर जीना, राजेंद्र सती, दर्शन चौधरी, जगदीश धामी, अमित टम्टा, गणेश मेहरा और चतुर सिंह सहित अन्य जवान मौजूद रहे और उन्होंने राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love