भिकियासैण-विनायक मार्ग पर खाई में गिरी निजी बस, 5 से ज्यादा मौत की आशंका
Spread the love

अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, भिकियासैण-विनायक मार्ग पर खाई में गिरी निजी बस, 5 से ज्यादा मौत की आशंका

अल्मोड़ा जनपद से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैण क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भिकियासैण-विनायक मार्ग पर एक निजी कंपनी की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस पहाड़ी क्षेत्र से यात्रियों को लेकर रामनगर की ओर जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक मोड़ पर संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते सैकड़ों फीट गहरी खाई में समा गई। हादसे में पांच से अधिक यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। बस के अत्यंत दुर्गम स्थान पर गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकालने में जुट गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अतिरिक्त एम्बुलेंस, जेसीबी और आपदा राहत दलों को मौके पर बुलाया गया है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मृतकों और घायलों की सही संख्या रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल बस के खाई में गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों द्वारा आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।


Spread the love