Spread the love

हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा : तीन की मौत, दो गंभीर घायल

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित बेल बाबा के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे रुद्रपुर से आ रही एक ऑल्टो कार और सामने से आ रही स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हाफ़िज़ साजिद, अफसरी और शाहजहां के रूप में हुई है। वहीं, ज़ाहिद और मुस्कान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी हल्द्वानी के आज़ाद नगर, लाइन नंबर 17 के निवासी हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जुटे और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और अचानक सामने से आई स्कॉर्पियो की टक्कर की वजह से हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।


Spread the love