Spread the love

कोतवाली बागेश्वर पुलिस की मानवीय पहल, बिछड़ी महिला व मासूम को परिवार से मिलाया

संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिछड़ी महिला और उसकी मासूम पुत्री को सकुशल उनके परिवार से मिलाकर उदास चेहरों पर मुस्कान लौटा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 को कोतवाली बागेश्वर क्षेत्र में एक महिला अपनी 5 वर्षीय पुत्री के साथ बेसहारा हालत में घूमती हुई मिली। कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ की गई, लेकिन वह अपने संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी। बातचीत से यह प्रतीत हुआ कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

महिला पुलिस कर्मियों द्वारा उसके घर का पता जानने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सुरक्षा की दृष्टि से महिला एवं उसकी पुत्री को बागेश्वर स्थित वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया।

अगले दिन महिला हेल्प डेस्क, कोतवाली बागेश्वर में महिला की पुनः काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के दौरान महिला द्वारा अपने गांव से जुड़े कुछ संकेत दिए गए, जिनके आधार पर पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए उसके घर का पता लगा लिया।

आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को महिला के पिता कोतवाली बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री मानसिक रूप से अस्वस्थ है तथा उसके पति का कुछ समय पूर्व निधन हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बेटी पूर्व में भी एक बार लापता हो चुकी थी।

सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद महिला एवं उसकी पुत्री को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी और नातिन के सुरक्षित मिलने पर पिता ने कोतवाली बागेश्वर पुलिस का आभार व्यक्त किया।


Spread the love