गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जिला प्रशासन का अहम फैसला, अब घर-घर पहुंचेगा सिलेंडर
नैनीताल, 13 मार्च 2026 । जनपद नैनीताल में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी, ओटीपी आदि प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण कई बार तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है, जिससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है। साथ ही समय पर उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस सिलेंडर पहुंचाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे फिलहाल गैस एजेंसी परिसर से सीधे सिलेंडर वितरण न करें। इसके बजाय उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को घर पर ही सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से गैस मिल सके।
साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर गैस वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, जिससे गैस आपूर्ति प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो सके।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
