Spread the love

बीजेपी की प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर संविधान उल्लंघन के गंभीर आरोप

संवाददाता: सीमा खेतवाल

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय बागेश्वर में जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रभा गढ़िया की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश के राज्य मंत्री माननीय श्री शिव सिंह बिष्ट थे। उन्होंने कांग्रेस की “संविधान बचाओ यात्रा” पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर संविधान के साथ बार-बार खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि 1949 में कांग्रेस सरकार ने अनुच्छेद 370 लागू कर जम्मू-कश्मीर को मुख्यधारा से अलग किया, जिससे देश में दो निशान, दो प्रधान और दो संविधान की स्थिति पैदा हुई। 1951 में अनुच्छेद 19 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित किया गया और मीडिया व राजनीतिक विरोधियों को दबाया गया। 1954 में वक्फ अधिनियम पारित कर वोट बैंक को साधने का प्रयास किया गया। 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लगाया गया, जिससे लोकतंत्र खतरे में पड़ा।

इसके अलावा उन्होंने 1971 में संपत्ति के मौलिक अधिकार को समाप्त करने और 1977 में संविधान की मूल संरचना को बदलने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने न्यायपालिका को कमजोर किया और वर्तमान में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भी इसी मानसिकता का हिस्सा है।

राज्य मंत्री बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिसने बार-बार संविधान का अपमान किया, आज उसी संविधान को बचाने की बात कर रही है, जो केवल एक दिखावा है। भारतीय जनता पार्टी इस तरह की राजनीति की कड़ी निंदा करती है।

प्रेस वार्ता में बागेश्वर की माननीय विधायक श्रीमती पार्वती दास, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश शाह, जिला महामंत्री संजय परिहार, जिला उपाध्यक्ष खड़क सिंह टंगड़िया, दयाल कांडपाल, पंकज मेहता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love