बागेश्वर में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, आरसेटी में जूट बैग व मोमबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण शुरू
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी बागेश्वर के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में आरसेटी (RSETI) बागेश्वर द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 14 दिवसीय जूट बैग उत्पाद आधारित प्रशिक्षण तथा 12 दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना निदेशक डीआरडीए बागेश्वर श्रीमती शिल्पी पंत एवं आरसेटी निदेशक श्री सुखविंद्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 50 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिन्हें जूट बैग निर्माण और मोमबत्ती बनाने से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे अपने स्तर पर छोटे-छोटे उद्यम शुरू कर सकें और अपने परिवार की आय में वृद्धि कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण के साथ-साथ विपणन और उद्यम प्रबंधन से संबंधित जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर आरसेटी निदेशक श्री सुखविंद्र ने प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं आसानी से अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
कार्यक्रम में आरसेटी स्टाफ के साथ-साथ एनआरएलएम (NRLM) स्टाफ भी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं ने इस पहल को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
