ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल — आरसेटी बागेश्वर में शुरू हुआ 12 दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण
जिला अग्रणी बैंक अधिकारी हरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन, 30 महिलाओं को दिया जाएगा स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण
संवाददाता– सीमा खेतवाल,

बागेश्वर।स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बागेश्वर में प्राथमिक मोमबत्ती निर्माण पर आधारित 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 07 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ है, जिसमें एनआरएलएम समूहों की 30 महिला प्रतिभागियों को स्वरोजगार से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन 08 अक्टूबर 2025 को जिला अग्रणी बैंक अधिकारी एवं बीएमएम बागेश्वर श्री हरेंद्र सिंह बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान की गतिविधियों और निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
श्री बिष्ट ने बताया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत प्रतिभागियों को न केवल तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है, बल्कि उन्हें विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जाता है, ताकि वे अपने क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे समूह के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें और संस्थान द्वारा दिए गए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का व्यावहारिक उपयोग अपने जीवन में लाएँ। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को एनआरएलएम योजनाओं, स्वरोजगार स्थापना की प्रक्रिया और उद्यमिता विकास की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फैकल्टी सदस्य प्रकाश चंद्र पांडे, चंद्र भानु सिंह, राजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह कोरंगा और केदार सिंह भाकुनी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षणार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उन्हें स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित किया।
