एफएओ के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया लालकुआं आँचल डेयरी प्लांट का दौरा, इंग्लैंड के प्रतिनिधियों ने सराही व्यवस्थाएं
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की आँचल दुग्धशाला लालकुआं का खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर यहां की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल में इंग्लैंड से आए सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने डेयरी प्लांट की आधुनिक व्यवस्थाओं और दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली में गहरी रुचि दिखाई।

भ्रमण के दौरान टीम ने डेयरी प्लांट में दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयंत्र में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
एफएओ टीम ने प्लांट में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक मशीनरी के उपयोग की सराहना की। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की उत्पादन क्षमता, दुग्ध संग्रहण नेटवर्क और किसानों से जुड़े सहकारी ढांचे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था और सहकारी मॉडल को करीब से समझा। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली।
इस मौके पर पशु आहार निर्माणशाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
