नैनीताल में राजस्व अनुसेवक की फांसी से मौत, कारणों की जांच जारी
नैनीताल। जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सोमवार को राजस्व अनुसेवक राजेन्द्र सिंह परिहार ‘राजू’ (45) का शव उनके ही घर की छत पर फंदे से लटका हुआ मिला। घर लौटने पर बच्चों ने सबसे पहले उन्हें देखा और शोर मचाया। परिजन व पड़ोसी आनन-फानन में उन्हें बी.डी. पांडे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, राजू के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
राजेन्द्र सिंह परिहार बीते 15 वर्षों से राजस्व विभाग में सेवाएं दे रहे थे। ईमानदार और मिलनसार स्वभाव के कारण वे अधिकारियों व सहकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके दो पुत्र हैं, जो भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में कक्षा सात और आठ में अध्ययनरत हैं।
घटना की सूचना पर सहकर्मी और अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। मौके पर मौजूद पटवारी भुवन जोशी ने बताया कि विभाग और क्षेत्र ने एक ईमानदार कर्मचारी खो दिया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
