Spread the love

हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था की जांच: कई प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई, जुर्माना भी लगाया गया

हल्द्वानी, 8 दिसंबर 2024: आज उपनगर आयुक्त तुषार सैनी, सफाई निरीक्षक चतर सिंह और नगर निगम की टीम ने हल्द्वानी शहर के विभिन्न बैंक्विट हॉल्स और रेस्टोरेंट्स में सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया की जांच की।

जांच के दौरान वाटिका बैंक्विट हॉल में कूड़ा जलाने के मामले में ₹3000 का चालान किया गया और गीला-सूखा कूड़ा अलग करने तथा कूड़े का निस्तारण नियम अनुसार करने की हिदायत दी गई।

सेलिब्रेशन बैंक्विट हॉल में कूड़े की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जहां काफी गंदगी फैली हुई थी और बचा हुआ खाना इधर-उधर डाला हुआ पाया गया। यहां पर प्लास्टिक ग्लासेस का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसके कारण ₹5000 का चालान किया गया।

वुडपैकर रेस्टोरेंट में कूड़े का निस्तारण सही तरीके से न करने और खुला सोखता पिट बनाने के कारण आसपास के क्षेत्र में बदबू फैलने पर ₹7500 का चालान किया गया।

इसके अलावा पोट्स एंड स्टोंस रेस्टोरेंट और नॉर्थ हाउस होटल की जांच की गई, जहां व्यवस्थाएं सही पाई गईं। इन स्थानों पर गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखा जा रहा था और डिस्पोजेबल बैग्स का प्रयोग किया जा रहा था। किचन में भी सफाई पाई गई।

कूड़े का निस्तारण सही तरीके से न करने और प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा सख्त कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।

नगर निगम की यह कार्रवाई कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Spread the love