ज्योलीकोट में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर सम्पन्न, 221 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
ज्योलीकोट। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को ज्योलीकोट रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

शिविर में सैकड़ों लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। कुल 221 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान शिविर स्थल पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का समाधान कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिविर में दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। शिविर के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में समय-समय पर आधार कैंप लगाए जाने की मांग रखी, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को प्रत्येक माह एक दिन चिन्हित कर आधार कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि दूरस्थ पर्वतीय गांवों के लोगों को आधार कार्ड संशोधन व नए आधार कार्ड बनाने में सुविधा मिल सके।

सड़ियाताल क्षेत्र के निवासियों ने बाहरी व्यक्तियों द्वारा भूमि क्रय कर सड़क, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर पैमाइश कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पेयजल पाइप लाइनों से पानी न आने की शिकायत पर जेजेएम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 142 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग ने 40 लाभार्थियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के आवेदन वितरित किए। कृषि विभाग द्वारा कृषि यंत्र, बीज एवं रसायनों का वितरण किया गया। बाल विकास विभाग ने 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। इसके अलावा विद्युत विभाग, जल संस्थान द्वारा बिल संशोधन तथा खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड से संबंधित ऑनलाइन कार्य किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में दर्जा मंत्री शांति मेहरा, नवीन वर्मा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख उमेश पलडिया, ग्राम प्रधान बबीता मनराल, नवल आर्य, प्रेम बिष्ट, हरगोविंद सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
