लोक गायिका रिंकू राणा
Spread the love

होली की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में लोक गायिका रिंकू राणा की दर्दनाक मौत

उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सड़क हादसे में थारू जनजाति की जानी-मानी लोक गायिका रिंकू राणा का असामयिक निधन हो गया। इस घटना से उनके परिवार सहित पूरे थारू समाज और लोक कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार रिंकू राणा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौगजा की रहने वाली थीं और इन दिनों होली का पर्व मनाने के लिए अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान नानकमत्ता के बिचपुरी क्षेत्र में उनकी स्कूटी को ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रिंकू राणा और उनकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी भतीजी का अस्पताल में इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उप जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि रिंकू राणा की ससुराल खटीमा में थी। वह थारू जनजाति के प्रसिद्ध लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ राज्य स्तर के कई कार्यक्रमों में अपनी लोक गायिकी की प्रस्तुति देती थीं। अपनी मधुर आवाज और लोक संस्कृति के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उनके परिवार में एक बेटा भी है।


Spread the love