कपकोट में कर्मी–तोली मोटर मार्ग को मिला नया नाम, स्व. हयात सिंह गढ़िया के नाम पर रखे जाने की मिली स्वीकृति
संवाददाता: सीमा खेतवाल
कपकोट। क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि कपकोट विधानसभा क्षेत्र में स्थित कर्मी–तोली मोटर मार्ग का नाम अब स्वर्गीय श्री हयात सिंह गढ़िया मोटर मार्ग किए जाने की विधिवत स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह स्वीकृति कपकोट के विधायक श्री सुरेश सिंह गढ़िया की पहल पर मिली है।
स्वर्गीय हयात सिंह गढ़िया उत्तराखंड प्रदेश में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे और उन्होंने अपने समर्पण, संघर्ष और अथक परिश्रम से संगठन को मजबूती प्रदान की। उनके योगदान से ही क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की नींव मजबूत हुई, जिसका परिणाम आज संगठन के व्यापक स्वरूप के रूप में दिखाई देता है।
स्व. हयात सिंह गढ़िया ने आजीवन अविवाहित रहकर निस्वार्थ भाव से समाज सेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया। उन्होंने व्यक्तिगत सुख–सुविधाओं से ऊपर उठकर समाज, संगठन और राष्ट्र के हित में स्वयं को पूर्णतः समर्पित कर दिया। उनका त्याग, अनुशासन और सादगी आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि स्व. गढ़िया जी का जीवन आदर्शों, मूल्यों और कर्मठता का प्रतीक रहा है। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को भी सदैव मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे। लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत तोली की ग्राम प्रधान श्रीमती दुर्गा गढ़िया, क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश गढ़िया, परिवार के सदस्य प्रदीप गढ़िया, कैप्टन कुंवर सिंह गढ़िया, मनीष सिंह गढ़िया, कंचन सिंह गढ़िया, विष्णु सिंह गढ़िया, हवलदार बलवंत सिंह गढ़िया, मोहन सिंह गढ़िया, भूपाल सिंह गढ़िया सहित अन्य ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक सुरेश सिंह गढ़िया का आभार जताया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह निर्णय स्वर्गीय हयात सिंह गढ़िया के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की जानकारी मिलती रहेगी।
