Spread the love

कुमाऊं-गढ़वाल का हवाई संपर्क टूटा, फ्लाई बिग ने बंद की सेवा

पंतनगर। कुमाऊं और गढ़वाल के बीच हवाई संपर्क एक बार फिर टूट गया है। स्पाइस जेट और इंडिगो के बाद अब फ्लाई बिग ने भी शनिवार से देहरादून-पंतनगर वाया पिथौरागढ़ हवाई सेवा बंद कर दी है। इस फैसले से न केवल सीमांत क्षेत्रों के लोगों को राजधानी पहुँचने में 15–16 घंटे का समय लगेगा, बल्कि पर्यटन उद्योग को भी गहरा झटका लगा है।

फ्लाई बिग ने यह सेवा 26 फरवरी 2024 को क्षेत्रीय उड़ान योजना (RCS-UDAN) के तहत शुरू की थी। कंपनी 19 सीटर डीएचसी-6-400 ट्विन ऑटर विमान का संचालन कर रही थी और सप्ताह में छह दिन उड़ान उपलब्ध थी। इस सेवा से पिथौरागढ़ की दूरी महज 50 मिनट और देहरादून की दूरी लगभग ढाई घंटे में पूरी हो रही थी।

क्षेत्रीय उड़ान योजना के अंतर्गत टिकट का 60 प्रतिशत किराया यात्री और 40 प्रतिशत प्रदेश सरकार वहन कर रही थी। इससे सीमांत क्षेत्रों के यात्रियों को किफायती और तेज़ हवाई सुविधा मिल रही थी।

हालांकि, पिछले माह कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर कार्य बहिष्कार किया था। इसके बाद संचालन पर संकट गहराने लगा। अंततः कंपनी ने अपने निजी कारणों का हवाला देते हुए 27 सितम्बर 2025 से सेवा बंद करने का निर्णय लिया।

अनूप गुप्ता, कार्यवाहक निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट ने हवाई सेवा के बंद होने की पुष्टि की है।


Spread the love