कुमाऊँ विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को मिला राष्ट्रीय सम्मान, भारतीय डाक विभाग ने जारी किया विशेष स्मारक लिफ़ाफ़ा

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के लिए शनिवार का दिन इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया, जब भारतीय डाक विभाग, भारत सरकार ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और सामाजिक योगदान को सम्मानित करते हुए कुमाऊँ विश्वविद्यालय पर आधारित एक विशेष स्मारक डाक लिफ़ाफ़ा (Commemorative Postal Cover) जारी किया।
इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा पर्यटन मंत्रालय) श्री अजय टम्टा उपस्थित रहे। उनके साथ नैनीताल विधायक श्रीमती सरिता आर्या, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल उत्तराखंड श्रीमती शशी शालिनी, निदेशक इंडिया पोस्ट श्री अनसूया प्रसाद, तथा एरीज निदेशक डॉ. मनीष नाज़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा —
“यह स्मारक लिफ़ाफ़ा कुमाऊँ विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और समाज के प्रति इसकी सतत सेवाओं का प्रतीक है। यह सम्मान न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।”
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत, प्रो. नीता बोरा शर्मा, प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एच.सी.एस. बिष्ट, प्रो. रीतेश साह, कुलसचिव डॉ. एम.एस. मंदरवाल, और वित्त नियंत्रक श्री कमलेश भंडारी सहित कई शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने भारतीय डाक विभाग के इस सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि —
“यह पहल न केवल विश्वविद्यालय की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करेगी, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”
कार्यक्रम का समापन अतिथियों के सम्मान और स्मृति चिह्न वितरण के साथ हुआ।
