‘विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ पर कांडा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
बागेश्वर। मा० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा जारी फरवरी 2026 के प्लान ऑफ एक्शन के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों को 11 फरवरी 2026 को ‘विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा डिग्री कॉलेज कांडा में छात्र-छात्राओं के मध्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बागेश्वर श्रीमती अनीता कुमारी ने महिला सशक्तिकरण और विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, राष्ट्रहित में मध्यस्थता अभियान-2.0, मुकदमेबाजी से पूर्व मध्यस्थता की प्रक्रिया तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही नालसा की DWAN योजना (नशे से होने वाले दुष्परिणाम) और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की गई।
शिविर के दौरान महिला सशक्तिकरण विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर थाना कांडा से उपनिरीक्षक दिनेश पंत ने साइबर सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा छात्रों को ऑनलाइन ठगी और यातायात नियमों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

